कोरोना का कहर, महिलाओं से दोगुना पुरुषों की हो रही कोरोना से मौतें, एक सप्ताह में 56 महिलाएं, तो 104 पुरुषों की हो चुकी है मौत
देहरादून।
राज्य में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा तेजी के साथ बढ़ता जा रहा है। बुधवार को मौतों का आंकड़ा 34 पहुंच गया है। इस आंकड़े में गौर करने वाली बात ये है कि सबसे अधिक पुरुषों की मौत हो रही है। एक सप्ताह के भीतर जहां कुल महिलाओं की 56 मौत हुई हैं। वहीं पुरुषों की मौत का आंकड़ा 104 पहुंच गया है।
इस आंकड़े में दोगुना से अधिक का अंतर है। जिसे विशेषज्ञ सामान्य नहीं बता रहे हैं। पूरे एक सप्ताह में 19 अप्रैल को ही ऐसा दिन रहा, जब महिला मौत का आंकड़ा 13 और पुरुषों का आंकड़ा 11 रहा। इसके अलावा हर दिन महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों की मौत अधिक हुई। महिला मौतों के आंकड़े में एक और तथ्य नजर आया। ज्यादा महिलाएं 50-60 वर्ष से अधिक की है। जबकि पुरुषों में आंकड़ा 21 वर्ष से लेकर 40 वर्ष के बीच वाला भी है।
विशेषज्ञों की माने तो पुरुषों के स्तर पर लापरवाही अधिक बरती जा रही है। इसके साथ ही उनका मूवमेंट भी महिलाओं की अपेक्षा घर और संक्रमण वाले क्षेत्रों में अधिक है। दून अस्पताल के सीएमएस और वरिष्ठ फिजिशियन डा. केसी पंत ने बताया कि पुरुषों में ब्लड प्रेशर, शूगर और लंग्स समेत तमाम बीमारियां भी महिलाओं की अपेक्षा अधिक रहती हैं। इसके साथ स्मोकिंग, पान मसाला, गुटखा खाने, शराब पीने की भी समस्या अधिक रहती है। इसके अलावा पुरुषों में बीमारी होते ही तत्काल इलाज की बजाय बाद में दिखाने की प्रवृति अधिक रहती है। इस कोरोना में देरी ही सबसे अधिक घातक है। इसीलिए जैसे ही कोरोना संक्रमण के लक्षण नजर आएं, तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क किया जाए। अस्पताल में भर्ती होने में देरी न की जाए।
दिन(अप्रैल) महिला पुरुष
15 4 5
16 6 11
17 15 22
18 3 9
19 13 11
20 6 21
21 9 25
नैनीताल में सबसे अधिक मौत
बुधवार को सबसे अधिक मौत नैनीताल जिले में हुईं। नैनीताल जिले में कुल 17 लोगों की मौत हुई। दूसरे नंबर पर देहरादून जिले में 11 लोगों की मौत हुई। हरिद्वार में दो और यूएसनगर में चार मरीजों की संक्रमण से मौत हुई।




